बारिश से बदहाल सड़क, कीचड़ के बीच स्कूल बस तक पहुंचने को मजबूर बच्चे
जबलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा स्थित खितौला के वार्ड क्रमांक 12 में बारिश के बाद सड़क की बदहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार बारिश के बाद सड़क कई स्थानों पर दलदल में तब्दील हो गई है। जगह-जगह पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ऐसे हालात में लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
रहवासियों का कहना है कि स्कूल बस इसी मार्ग से गुजरती है, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण बच्चों को कीचड़ और पानी के बीच पैदल चलकर बस तक पहुंचना पड़ता है। इससे अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़क और जल निकासी की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
रहवासियों का आरोप है कि पार्षद और नगर पालिका क्षेत्र को अवैध कॉलोनी बताकर विकास कार्यों से दूरी बना रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि वर्षा के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक