सुवासरा में व्यापारियों का अनिश्चितकालीन बाजार बंद, युवक और साथियों पर धमकी देने का आरोप
मंदसौर, 7 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के सुवासरा नगर में व्यापारियों ने कथित अभद्रता और धमकी की घटना के विरोध में शुक्रवार से बाजार अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया। व्यापारियों का आरोप है कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष शंभूलाल उर्फ प्रिंस सूर्यवंशी और उनके साथियों ने दुकानदारों से अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत झूठे प्रकरणों में फंसाने की धमकी दी। मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, कथित घटना के बाद व्यापारियों ने शुक्रवार को सुवासरा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और आरोपितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर सीतामऊ के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) दिनेश प्रजापत सुवासरा पहुंचे और व्यापारियों से चर्चा की। हालांकि व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई और गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक बाजार बंद रखने का निर्णय जारी रहेगा।
व्यापारियों का यह भी आरोप है कि शंभूलाल उर्फ प्रिंस सूर्यवंशी का नाम पूर्व में भी विभिन्न विवादों में सामने आ चुका है। उनका कहना है कि स्थानीय स्तर पर व्यापारियों और अन्य लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने तथा दबाव बनाने की शिकायतें पहले भी की जाती रही हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से व्यापारियों से संवाद कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं नगर में बाजार बंद रहने से व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया