राजगढ़ः मार्केटिंग सोसायटी में न पानी की व्यवस्था, न पर्याप्त हम्माल, कलेक्टर ने जताई नाराजगी

 


राजगढ़, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर स्थित मार्केटिंग सोसायटी में किसानों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और एसपी अमित तोलानी ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान परिसर में पेयजल की पर्याप्त सुविधा नहीं होने, हम्मालों की कमी और अधिक भीड़ मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और कमियों के संबंध में डीआर (जिला उप पंजीयक) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सोसायटी परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और किसानों को दी जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मौके पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से किसानों को परेशानी होने की स्थिति सामने आई। इसके अलावा हम्मालों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने और परिसर में अधिक भीड़ होने से कामकाज प्रभावित होने की आशंका भी नजर आई। व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोसायटी में आने वाले किसानों को जरूरी सुविधाओं के अभाव में परेशान नहीं होना पड़े। इसके लिए पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सोसायटी में हम्मालों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए, ताकि किसानों के काम समय पर हो सकें। साथ ही परिसर में भीड़ का व्यवस्थित प्रबंधन किया जाए, जिससे कामकाज सुचारु रूप से संचालित हो और किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार कर किसानों को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक