मुरैनाः मानपुर में दो किलोमीटर दूर से पानी ला रहे ग्रामीण, बच्चों की पढ़ाई पर भी असर
मुरैना, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की पहाड़गढ़ जनपद अंतर्गत आदिवासी बहुल ग्राम पंचायत मानपुर में पेयजल संकट आज भी ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। आजादी के करीब आठ दशक बाद भी यहां के हजारों ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए प्रतिदिन लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि महिलाएं और बच्चे सुबह से शाम तक पानी जुटाने में ही अपना अधिकांश समय व्यतीत कर रहे हैं।
मानपुर पंचायत के अंतर्गत आने वाले पांच गांवों में आदिवासी, मोंगिया और अन्य समुदायों के लोग निवास करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में वर्षों से पेयजल की समस्या बनी हुई है। गर्मी के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब अधिकांश हैंडपंप जवाब दे देते हैं और लोगों को निजी कुओं पर निर्भर रहना पड़ता है।
ग्रामीण महिला अंजलि का कहना है कि सुबह बच्चों को स्कूल भेजने से पहले पानी लाना प्राथमिक आवश्यकता बन जाती है। कई बार दिन का बड़ा हिस्सा पानी जुटाने में ही निकल जाता है। वहीं पूजा नामक महिला ने बताया कि विवाह के बाद गांव आने पर उन्हें उम्मीद थी कि घर तक नल से पानी मिलेगा, लेकिन आज भी कुएं से पानी खींचकर लाना पड़ता है।
नल-जल योजना अधूरी, सुविधाएं बेअसरग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत पानी की टंकी और पाइपलाइन तो बनाई गई, लेकिन आज तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। कहीं मोटर खराब है तो कहीं बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। परिणामस्वरूप करोड़ों रुपये की योजनाएं अपेक्षित लाभ नहीं दे पा रही हैं।
बरसात में बढ़ जाती है परेशानीग्रामीणों के अनुसार वर्षा ऋतु में स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है। कई स्थानों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को दूषित जल का उपयोग करना पड़ता है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा असरपानी की समस्या का असर बच्चों की शिक्षा पर भी दिखाई दे रहा है। जब परिवार के सदस्य मजदूरी के लिए बाहर जाते हैं, तब पानी लाने की जिम्मेदारी बच्चों और बुजुर्गों पर आ जाती है। इससे बच्चों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। ग्राम पंचायत मानपुर के सरपंच निहाल सिंह ने बताया कि पेयजल समस्या के संबंध में कई प्रस्ताव और शिकायतें प्रशासन को भेजी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नल-जल योजना के संचालन में तकनीकी और विद्युत संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं, जिनके समाधान की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधा के लिए रोजाना संघर्ष न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र गौतम
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा