‘मन की बात’ देश के करोड़ों नागरिकों को जोड़ने वाला एक सशक्त संवाद मंच है: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बैतूल ‘मन की बात‘ कार्यक्रम का श्रवण किया
भोपाल/बैतूल, 26 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का रविवार को मध्यप्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सामूहिक श्रवण किया गया। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आमजन और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना, वहीं बैतूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ इसकी सहभागिता की।
भोपाल के चायलीला लेक व्यू, करबला मैदान, साजिदा नगर, खानूगांव और कोहेफिजा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘मन की बात’ को देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने वाला सशक्त संवाद मंच बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम को जन-जन के मन में स्थापित कर दिया है, जहां से प्रेरक कहानियां, नवाचार और सकारात्मक पहलें सामने आती हैं, जो समाज को नई दिशा देती हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने वर्षों तक महिलाओं और किसानों के हितों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और किसानों की समृद्धि के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के लिए लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम का उल्लेख करते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया।
कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए डॉ. यादव ने बताया कि राज्य में किसानों के लिए समर्थन मूल्य बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। गेहूं की खरीद 2600 रुपए प्रति क्विंटल तक किए जाने और उड़द पर बोनस की घोषणा को उन्होंने किसानों के हित में बड़ा निर्णय बताया।
बैतूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने ‘मन की बात’ को समाज के हर वर्ग में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कलपक्कम में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर की उपलब्धि को देश की वैज्ञानिक क्षमता का प्रमाण बताते हुए इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम कहा।
खण्डेलवाल ने डिजिटल जनगणना और ‘मेक इन इंडिया’ की सफलता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन रही है, जिससे नीतिगत निर्णयों को मजबूती मिलेगी। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय उत्पादों को मिल रही पहचान देश की बढ़ती प्रतिष्ठा का संकेत है।
प्रदेशभर में मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने विभिन्न बूथों पर ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। भोपाल में मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जबकि बैतूल में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और अन्य स्थानीय नेता कार्यक्रम में शामिल हुए।
कुल मिलाकर, ‘मन की बात’ के माध्यम से सरकार ने एक बार फिर जनसंवाद को मजबूत करने और विकास, नवाचार व आत्मनिर्भरता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे