'मन की बात' से दतिया उपचुनाव तक: भाजपा ने विकास, आत्मनिर्भर भारत और बूथ विजय का दिया संदेश

 




दतिया, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल तथा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने रविवार को विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का श्रवण कर कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित किया। नेताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मनिर्भर भारत, जल संरक्षण, स्वदेशी और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी बताते हुए दतिया उपचुनाव को जिले के भविष्य और विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओरछा के कंचना घाट पर, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने दतिया विधानसभा के बूथ क्रमांक 116 (वीर सिंह गार्डन), क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने वार्ड क्रमांक 29 के बूथ 122 तथा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने वार्ड क्रमांक 9 के बूथ 177 पर कार्यकर्ताओं के साथ 'मन की बात' कार्यक्रम सुना।

'मन की बात' समाज में सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम : हेमंत खण्डेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम समाज के प्रेरक प्रयासों, नवाचारों और सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए मध्यप्रदेश के सीधी जिले में निर्मित लगभग 1,500 तालाबों तथा नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का उल्लेख किया, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हुई है। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया तथा आईएनएस महेंद्रगिरि, पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और कुशा मिसाइल प्रणाली जैसी स्वदेशी रक्षा उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती सामरिक शक्ति को रेखांकित किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचार, भारतीय वाद्य यंत्रों के संरक्षण तथा खादी-हैंडलूम को बढ़ावा देने जैसे विषयों को भी प्रधानमंत्री ने जन-जन तक पहुंचाया।

दतिया उपचुनाव जिले के विकास की दिशा तय करेगा

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया का उपचुनाव केवल विधायक चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि जिले के विकास और भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में दतिया के विकास की गति प्रभावित हुई, जबकि भाजपा सरकार ने गरीबों के आवास, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान, जनधन, मुफ्त राशन और सड़क जैसी योजनाओं के माध्यम से व्यापक जनकल्याण किया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में दतिया को धार्मिक पर्यटन और विकास का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किए जाएंगे। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को संगठन का समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने बूथ को भारी मतों से जिताने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से बढ़ रहा : डॉ. महेंद्र सिंह

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' में भी प्रधानमंत्री ने स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया और देश में रक्षा उत्पादन सहित विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती आत्मनिर्भरता का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देश के लिए प्रेरणा है और आज उन्हीं की वजह से देश सुरक्षित है। प्रधानमंत्री ने हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है, इसलिए दतिया के विकास और देश-प्रदेश की मजबूती के लिए भाजपा को और सशक्त बनाना आवश्यक है।

भाजपा सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख

डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने किसानों के लिए सम्मान निधि, महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना, युवाओं के लिए स्वरोजगार योजनाएं, 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार जैसे अनेक कार्य किए हैं।

'भाजपा ने विकास किया, कांग्रेस ने विकास रोका'

डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दतिया को एयर कनेक्टिविटी, मेडिकल कॉलेज और सड़क नेटवर्क जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के जनप्रतिनिधि अपेक्षित विकास कार्य नहीं करा सके। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे आने वाले वर्षों में दतिया के विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे