नारी शक्ति वंदन को लेकर सियासत तेज, भाजपा ने विपक्ष पर लगाया महिला विरोधी गठबंधन का आरोप
मैहर, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में शुक्रवार को महिला जन आक्रोश यात्रा निकाली गई, जिसमें जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह शामिल हुईं। इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने कहा कि संसद में हाल ही में हुए घटनाक्रम से महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के अधिकारों से जुड़ा विषय है।
भाजपा ने कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों को महिला विरोधी गठबंधन करार देते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने वाले 131वें संविधान संशोधन विधेयक का विरोध कर अपनी मानसिकता उजागर कर दी है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि यह केवल एक विधेयक को रोकने का प्रयास नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं के अधिकारों और उनके भविष्य से खिलवाड़ है। महिलाओं को संवैधानिक अधिकार मिलने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का विरोध करना लोकतंत्र में उनकी भागीदारी को टालने की साजिश है।
भाजपा ने कांग्रेस के पुराने फैसलों पर भी निशाना साधते हुए शाहबानो प्रकरण, तीन तलाक और अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों का उल्लेख किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक महिलाओं को आरक्षण का भरोसा दिया, लेकिन इसे लागू करने के लिए ठोस प्रयास नहीं किए।
परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा ने कहा कि संविधान के अनुसार जनगणना के बाद ही लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का पुनर्गठन होता है। वर्ष 2001 के बाद परिसीमन स्थगित करने का निर्णय संतुलन बनाए रखने के लिए लिया गया था, लेकिन विपक्ष इस पर भ्रम फैला रहा है।
प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए किए गए कार्यों-तीन तलाक से मुक्ति, शौचालय निर्माण, जनधन खाते और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार-का भी उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी भी मौजूद रहीं। सभी वक्ताओं ने कहा कि देश की महिलाएं पूरे घटनाक्रम को देख रही हैं और समय आने पर इसका जवाब देंगी। भाजपा ने दावा किया कि यह मुद्दा अब संसद से निकलकर जनता के बीच पहुंच चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी