धारः केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर की उपस्थिति में मांडू के ऐतिहासिक ‘जहाज महल’ के प्रांगण में गूंजा योग का संदेश
धार, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले की पर्यटन नगरी मांडू के ऐतिहासिक 'जहाज महल' परिसर में रविवार 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भव्य अंदाज में मनाया गया। सदियों पुरानी पुरातात्विक धरोहर के बीच हज़ारों नागरिकों ने एक सुर में योग किया।
जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर नरसिंह दास महाराज की गरिमामयी उपस्थिति एवं सानिध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राष्ट्र के नाम संदेश बेहद एकाग्रता के साथ सुना।
जहाज महल के इस भव्य आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता समाज के हर तबके की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध गणमान्य नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, महिला मंडलों और योग सोसायटियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सभी संस्थाओं और नागरिकों ने मिलकर समाज को यह संदेश दिया कि योग किसी वर्ग या उम्र सीमा में बंधा नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में पिरोने और आरोग्यता प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर वर्षभर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi