मंदसौर की बेटी शालिनी का इंडिया कैंप में चयन, सब जूनियर एशिया कप की तैयारी में दिखाएंगी दम
मंदसौर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के लिए गर्व का विषय है कि प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी शालिनी सिंह का चयन सब जूनियर एशिया कप की तैयारी के लिए आयोजित इंडिया कैंप में हुआ है। यह उपलब्धि उनके हालिया राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिली है।
हॉकी मंदसौर के अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया और सचिव अविनाश उपाध्याय ने बताया कि झारखंड में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश टीम ने रजत पदक हासिल किया था, जिसमें शालिनी का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा।
शालिनी ने हॉकी की शुरुआत कक्षा 5वीं में सेंट थॉमस विद्यालय से की थी। अब उन्हें आगामी 7 मई से शुरू होने वाले इंडिया कैंप में शामिल होना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा ने बताया कि शालिनी मध्यप्रदेश शासन के हॉकी फीडर सेंटर और केंद्र सरकार के ‘खेलो इंडिया’ सेंटर मंदसौर की नियमित खिलाड़ी रही हैं। यहीं से उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई, जिसके बाद उनका चयन ग्वालियर स्थित प्रतिष्ठित हॉकी अकादमी में हुआ।
शालिनी की सफलता के पीछे उनके परिवार का भी अहम योगदान रहा है। उनके पिता किशोर सिंह (गुड्डू) स्वयं एक अच्छे हॉकी खिलाड़ी रह चुके हैं, जिनसे उन्हें खेल के प्रति प्रेरणा मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया