(अपडेट) मंदसौर पुलिस का बड़ा एक्शन, सिंथेटिक ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 25 लाख से अधिक की एमडी ड्रग्स, रसायन और उपकरण जब्त
भोपाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी (मेफेड्रोन) सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण में लगी एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एमडी ड्रग्स, भारी मात्रा में रसायन, ड्रग्स बनाने के उपकरण और बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन कार सहित करीब 25 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग भी की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राम स्नेही मिश्रा और एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना सीतामऊ की विशेष टीम ने की। पुलिस मुख्यालय द्वारा शनिवार काे दी गई जानकारी के अनुसार शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मानपुरा स्थित मानपुरा-बड़ावदी रोड पर पानी की टंकी के पास दिलीप गायरी के खेत में बने टीन शेड में अवैध रूप से सिंथेटिक ड्रग्स का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी।
पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 110 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स, बिना नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन, चार कंटेनरों में भरे लगभग 208 किलोग्राम एमडीसी केमिकल, अन्य कंटेनरों में करीब 117.8 किलोग्राम रसायन, लगभग 1.8 किलोग्राम क्रिस्टल स्वरूप पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, गैस भट्टी, इलेक्ट्रिक हीट गन (ड्रायर), विशेष मोटरयुक्त ड्रम, प्लास्टिक कंटेनर, स्टील के बर्तन तथा ड्रग्स निर्माण में उपयोग किए जाने वाले अन्य उपकरण जब्त किए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सीतामऊ में एनडीपीएस एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे