मंदसौरः साइबर सुरक्षा अभियान सेफ क्लिक 2.0 के तहत पुलिस की जन-जागरूकता गतिविधियाँ जारी
मंदसौर , 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान सेफ क्लिक 2.0 के अंतर्गत जिला मंदसौर में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में शनिवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अभियान के अवसर पर पुलिस कंट्रोल रूम, मंदसौर से साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित आॅनलाइन व्यवहार एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेगा।
इसी क्रम में पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में चित्रकला का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग तथा आॅनलाइन ठगी से बचाव जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इसके अतिरिक्त नगर स्थित विभिन्न बैंकों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों की नवीन प्रवृत्तियों, आनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड एवं डिजिटल सुरक्षा उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बैंक कर्मचारियों से आम नागरिकों को भी साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी देने एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया