मंडला को बड़ी रेल सौगात, जबलपुर और छिंदवाड़ा के लिए मिलेगी सीधी रेल सेवा

 


- सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को किया रवाना

मंडला, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिली है। अब यात्रियों को जबलपुर और छिंदवाड़ा जाने के लिए नैनपुर में ट्रेन बदलने या अलग-अलग ट्रेन नंबर की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मंडलाफोर्ट से जबलपुर एवं छिंदवाड़ा के लिए सीधी रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों की यात्रा अब अधिक सरल, सुविधाजनक और सुगम हो जाएगी।

इन सीधी रेल सेवाओं का इनॉग्रल रन शनिवार (9 मई 2026) को दोपहर 3 बजे मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन से आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में यात्री एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, डीआरएम नागपुर डिवीजन बिलासपुर जोन दीपक कुमार गुप्ता, जनप्रतिनिधि प्रफुल्ल मिश्रा, जयदत्त झा, रानू राजपूत सहित रेलवे विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कुलस्ते ने मंडला जिलेवासियों को नई रेल सुविधा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंडलाफोर्ट से जबलपुर और छिंदवाड़ा के लिए सीधी रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को ट्रेन बदलने और अलग-अलग ट्रेन नंबर की असुविधा से राहत मिलेगी। इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

सांसद कुलस्ते ने कहा कि रेलवे कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण आधार होती है। मंडला क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं और आने वाले समय में रेल सेवाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई पहल मंडला जिले के रेल विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगी।

रेलवे अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि नई व्यवस्था के तहत गाड़ी क्रमांक 58828 मंडलाफोर्ट-नैनपुर एवं 58824 नैनपुर-छिंदवाड़ा रेल सेवाओं के स्थान पर अब मंडलाफोर्ट-छिंदवाड़ा सीधी रेल सेवा (गाड़ी क्रमांक 58824) संचालित की जाएगी। इसी प्रकार गाड़ी क्रमांक 51712 मंडलाफोर्ट-नैनपुर एवं 51706 नैनपुर-जबलपुर रेल सेवाओं के स्थान पर अब मंडलाफोर्ट-जबलपुर सीधी रेल सेवा (गाड़ी क्रमांक 51706) संचालित होगी।

रेलवे की इस नई व्यवस्था से यात्रियों को एक ही ट्रेन नंबर के साथ सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा और समय की बचत होगी। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस सुविधा की मांग कर रहे थे, जिसे अब अमलीजामा पहनाया गया है। नई रेल सेवा शुरू होने से मंडला जिले के यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इसे जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए केंद्र सरकार एवं रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर