मंडला में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर

 


मंडला, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। मंडला जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज अस्पताल में जारी है।

जानकारी अनुसार यह हादसा मंडला-रायपुर मार्ग पर चारटोला के पास हलौन बांध रोड पर टोल प्लाजा से करीब 2 किलोमीटर दूर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, जिससे टक्कर इतनी भीषण हुई कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में करंजिया माल निवासी 36 वर्षीय जगदीश यादव, जो पेशे से लाइनमैन थे, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार मोनेश मोंगरे (30) और संकित दास टांडिया (30) ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। एक अन्य युवक रामप्रकाश उइके गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम ने बताया कि घटना गढ़ी थाना क्षेत्र की है। सभी मृतक बिछिया थाना क्षेत्र के निवासी थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इलाके में मातम

इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे