मंडलाः तेज रफ्तार डंपर और बस के बीच जोरदार भिड़ंत, 15 यात्री घायल

 


मंडला, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महली उमरिया के पास सोमवार सुबह एक यात्री बस और तेज रफ्तार डंपर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब 15 यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे बस क्रमांक एमपी 51, पी- 0129 कुटरवानी (घुटास) से मंडला की ओर जा रही थी, जिसमें 20 से अधिक यात्री सवार थे। बस ग्राम महली उमरिया के पास पहुंची थी, तभी सामने से आ रहे तेज गति के डंपर ने नियंत्रण खो दिया और बस से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर घायलों को बस से बाहर निकाला और तत्काल निजी वाहनों एवं एंबुलेंस की मदद से घुघरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की टीम द्वारा सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल बस चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी मिली है। घटना की सूचना मिलते ही घुघरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर