खिरकिया मंडी में अव्यवस्था: व्यापारियों पर मेहरबान मंडी प्रशासन, किसान जाम से परेशान
हरदा, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले स्थित खिरकिया कृषि उपज मंडी में अव्यवस्थाओं का अंबार लग गया है। मंडी परिसर में व्यापारियों द्वारा जगह-जगह माल के ढेर लगाए जाने से किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉली के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है, जिसके चलते रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।
किसानों का कहना है कि मंडी में माल लेकर पहुंचने के बाद उन्हें घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। ट्रॉली को अंदर-बाहर करने में ही उनका कीमती समय निकल जाता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के पूर्व जिलाध्यक्ष रामनिवास खोरे के अनुसार, किसान संगठनों द्वारा विरोध जताने पर व्यापारियों को 24 घंटे में माल हटाने का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे व्यापारियों के हौसले बुलंद हैं और वे मंडी नियमों की अनदेखी कर मनमानी कर रहे हैं।
स्थानीय किसान नेता धर्मेंद्र राजपूत ने बताया कि पूर्व में मंडी बोर्ड ने कार्रवाई करते हुए मंडी सचिव आपसिंह किराडे को निलंबित किया था, लेकिन बाद में बहाल कर दिया गया। बहाली के बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो गई है।
खिरकिया मंडी में किसानों की भारी आवक के बावजूद पर्याप्त जगह नहीं है। मंडी परिसर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित तरीके से रखे माल के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि मंडी का विस्तार और आवागमन के लिए अलग मार्ग बनाना जरूरी है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मंडी परिसर में वेयरहाउस के आसपास भी व्यापारियों का लंबे समय से कब्जा बताया जा रहा है। शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। ट्रॉली सेट के पास भी माल रखा जा रहा है, जिससे किसानों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने आरोप लगाया है कि मंडी सचिव उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं और व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं, एसडीएम द्वारा मंडी का निरीक्षण न करने से समस्या और बढ़ती जा रही है।
किसानों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते सख्त कदम नहीं उठाता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। अब यह बड़ा सवाल बन गया है कि किसानों को इस अव्यवस्था से कब राहत मिलेगी और जिम्मेदार अधिकारी कब सक्रिय होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani