भोपालः एनेस्थीसिया के ओवरडोज से मेल नर्स की मौत, कारणों की जांच जारी
भोपाल, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल शहर के भानपुर इलाके में एक मेल नर्स की एनेस्थीसिया के ओवरडोज से मौत हो गई। पुलिस को मौके से इंजेक्शन और सिरिंज बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सुसाइड नोट नहीं मिलने से कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस के अनुसार, मृतक दुर्गेश अहिरवार, (26 वर्षीय) मूलत: जिला विदिशा के कुरवाई का निवासी था और भोपाल में रहकर बी-फार्मेसी अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। इसके साथ ही वह एक निजी नर्सिंग होम में कार्यरत था। वह भानपुर स्थित पटेल नगर में किराए के कमरे में रहता था। शुक्रवार सुबह दुर्गेश का बड़ा भाई परीक्षा देने घर से निकल रहा था। इस दौरान उसने दुर्गेश को उठाने की कोशिश की, लेकिन कई बार आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से मिले इंजेक्शन और सिरिंज
पुलिस को कमरे से एक इंजेक्शन और सिरिंज मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। प्राथमिक तौर पर एनेस्थीसिया के ओवरडोज से मौत की बात सामने आई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों ने नहीं जताई किसी तनाव की जानकारी
परिजनों के अनुसार, दुर्गेश ने कभी किसी मानसिक तनाव या परेशानी का जिक्र नहीं किया था। घटना के समय उसकी बहन और बहनोई, जो पास में ही रहते हैं, घर पर मौजूद नहीं थे।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस प्रेम संबंध, कार्यस्थल या पढ़ाई से जुड़े किसी संभावित दबाव सहित सभी कोणों से जांच कर रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे