शहडोल: गृहिणी से सफल महिला उद्यमी बनीं मालविका श्रीवास्तव, 15 लोगों को दे रहीं रोजगार
शहडोल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम ऐताझर की महिला मालविका श्रीवास्तव ने गृहिणी से सफल उद्यमी बनने तक का सफर तय कर न केवल अपना व्यवसाय स्थापित किया, बल्कि 15 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रही हैं। इससे दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प से महिलाएं आज उद्योग एवं व्यवसाय के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रही हैं।
मालविका श्रीवास्तव ने मध्य प्रदेश शासन की एमएसएमई प्रोत्साहन योजना का लाभ लेकर श्री राधा फूड इंडस्ट्री की स्थापना की। उनके उद्योग की शुरुआत फोर्टिफाइड चावल के निर्माण से हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए मिलेट्स आधारित उत्पादों के निर्माण का कार्य भी प्रारंभ किया। वर्तमान में उनके उद्योग में मिलेट्स से चूड़ा एवं मुर्रा बनाने का कार्य किया जा रहा है।
मालविका श्रीवास्तव ने शुक्रवार ने उद्योग स्थापना के लिए एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के माध्यम से मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और उद्योग विभाग के सहयोग से उन्हें अपना उद्यम स्थापित करने का अवसर मिला। आज वे आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने में सक्षम हुई हैं।
उद्योग की स्थापना और संचालन में उनके पति शिवांक श्रीवास्तव भी सहयोग करते हैं। दोनों के संयुक्त प्रयासों से उद्योग निरंतर प्रगति कर रहा है। व्यवसाय को स्थापित करने के लिए मालविका ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 2.5 करोड़ रुपये का ऋण प्राप्त किया। वहीं उद्योग विभाग द्वारा योजना के अंतर्गत 40 प्रतिशत अनुदान भी प्रदान किया गया, जिससे उद्योग की स्थापना में उन्हें आर्थिक सहायता मिली।
आज श्री राधा फूड इंडस्ट्री के माध्यम से 15 लोगों को नियमित रूप से रोजगार मिल रहा है। बैंक ऋण की किस्त, बिजली बिल, मजदूरी सहित अन्य आवश्यक खर्चों का भुगतान करने के बाद भी मालविका को प्रतिमाह लगभग 1.5 लाख रुपये की आय हो रही है। इस प्रकार उनका उद्योग परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही अन्य परिवारों की आजीविका का भी आधार बन रहा है।
मालविका श्रीवास्तव की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि शासन की प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला