जबलपुर के माखन शर्मा बने अभाविप के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य , देहरादून में आयोजित हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में हुई घोषणा
जबलपुर, 2 दिसंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का तीन दिवसीय 71 वां राष्ट्रीय अधिवेशन देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कल संपन्न हुआ, जिसमें देशभर के विभिन्न प्रांतों से आए प्रतिनिधियों ने सहभागिता की । अधिवेशन के तीसरे दिन अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की जिसमें अभाविप महाकौशल के प्रदेश मंत्री माखन शर्मा को केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य के रूप में घोषित किया गया है।
लंबे समय के बाद जबलपुर से केंद्रीय कार्यसमिति में जबलपुर से इस नियुक्ति को छात्र हितों के प्रति समर्पण, संगठनात्मक क्षमता और दीर्घकालीन सक्रिय भूमिका की स्वाभाविक मान्यता के रूप में देखा जा रहा है। माखन ने वर्षों से विद्यार्थी परिषद में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए छात्र-हितैषी गतिविधियों को नई दिशा प्रदान की है।
उल्लेखनीय है कि माखन का परिषद से संपर्क 2016 से है, वर्तमान में माखन जबलपुर के खालसा महाविद्यालय से एलएलएम की शिक्षा ग्रहण कर रहे है। विद्यार्थी परिषद में पूर्व में जबलपुर महानगर विद्यालय प्रमुख, महानगर सोशल मीडिया प्रमुख, महानगर छात्रावास कार्य प्रमुख, महानगर सह-मंत्री ,जबलपुर महानगर मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के दायित्व का भी निर्वाहन किया है। जबलपुर महानगर मंत्री रहते हुए जबलपुर के विभिन्न छात्र आंदोलनो का नेतृत्व करते हुए सक्षम छात्र संगठन खड़ा करने में माखन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में माखन अभाविप महाकोशल प्रांत के प्रांत मंत्री भी हैं ।
राष्ट्रीय अधिवेशन में जिज्ञासा के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में डॉ. आदर्श रावत की भी घोषणा हुई है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक