मंदसौर : कॉम्बिंग गश्त में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 स्थायी वारंटी गिरफ्तार
मंदसौर, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए मंदसौर पुलिस ने गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में जिलेभर में संचालित इस अभियान के दौरान कुल 115 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस कार्रवाई में 65 स्थायी वारंटी पकड़े गए, जिनमें धारा 138 के 16, विद्युत अधिनियम के 21 तथा अन्य प्रकरणों के 28 वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा 47 गिरफ्तारी वारंट भी तामील किए गए।
जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाया गया। सिटी कोतवाली, वायडी नगर, नई आबादी, भावगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, अफजलपुर, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, मल्हारगढ़, सीतामऊ, सुवासरा, शामगढ़, गरोठ, भानपुरा और गांधीसागर थाना क्षेत्रों में वारंटियों की गिरफ्तारी की गई, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 69 निगरानी बदमाशों तथा 69 गुंडा-बदमाशों की जांच की। इस प्रकार कुल 141 हिस्ट्रीशीटर, गुंडा और जिलाबदर बदमाशों की गतिविधियों की निगरानी की गई।
अवैध शराब पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ भी सख्ती बरती गई। कुल 20 प्रकरणों में 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 88.22 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 29,700 रुपये बताई गई है।
इसके अतिरिक्त धारा 151 के तहत 4 प्रकरण दर्ज करते हुए 5 आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
इस अभियान में जिले के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों सहित 43 गश्त पार्टियों में 450 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पूरी रात चले अभियान में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने कहा कि जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। भविष्य में भी ऐसे अभियान चलाकर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया