मुरैना में शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से आगरा के दो मजदूरों की मौत
भोपाल/मुरैना, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के बसैया गांव में रविवार को एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसने खुशियों के माहौल को पलभर में सन्नाटे में बदल दिया। केटरिंग का सामान लेकर पहुंची एक आइसर केंटर पर बैठे मजदूरों में से एक का सिर ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे पूरी गाड़ी में करंट फैल गया। इस हादसे में आगरा के दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, माता बसैया थाना क्षेत्र के चंदू का पुरा गांव निवासी गब्बर गुर्जर के यहां आखातीज के अवसर पर शादी समारोह आयोजित था। भोजन व्यवस्था के लिए आगरा के काले महल कैटर्स से सामान मंगवाया गया था। ठेकेदार अभिषेक और मैनेजर देवेंद्र नौ मजदूरों के साथ केटरिंग का सामान लेकर ट्रक (यूपी 80 ईटी 2496) से पहुंचे थे। सभी मजदूर ट्रक की केबिन के ऊपर बैठे हुए थे। जब ड्राइवर ने सामान उतारने के लिए ट्रक को पीछे किया, तभी ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन ट्रक के संपर्क में आ गई। स्थिति को संभालने के प्रयास में आलोक नाई ने हाथ से बिजली का तार उठाने की कोशिश की, लेकिन ऐसा करते ही पूरे वाहन में करंट दौड़ गया।
करंट से बचने के लिए विक्की जाटव ने ट्रक से कूदने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही उसने लोहे की बॉडी को पकड़ा, वह करंट की चपेट में आ गया और वहीं चिपक गया। इस हादसे में 18 वर्षीय आलोक नाई (निवासी आगरा कैंट, साउथ रेलवे कॉलोनी) और 16 वर्षीय विक्की जाटव (निवासी आगरा कैंट, कच्ची झोंपड़ी) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य सात मजदूरों को करंट के झटके लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सिविल लाइन पुलिस ने रिंकू पुत्र भैयालाल मैसी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत