जबलपुर : अवैध कॉलोनाइजरों पर सख्ती, शहर को धोखाधड़ी मुक्त बनाने निगम का बड़ा अभियान
जबलपुर, 10 जनवरी (हि.स.)। मप्र के जबलपुर शहर को सुंदर, व्यवस्थित और धोखाधड़ी मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कॉलोनी सेल की समीक्षा बैठक के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर के भविष्य और आम नागरिकों की जीवनभर की कमाई से खिलवाड़ करने वाले अवैध कॉलोनाइजरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों का फैलाव न केवल शहर की छवि को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि वहां रहने वाले लोगों को गंभीर समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है।
निगमायुक्त ने बताया कि अवैध कॉलोनियों में सड़क, नाली, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहता है, जिससे आम जनता को रोजमर्रा के जीवन में भारी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। इस गंभीर समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए नगर निगम द्वारा त्रि-स्तरीय रणनीति तैयार की गई है, जिसके तहत सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रणनीति के पहले चरण में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी कर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरे चरण में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों और साइट्स पर चल रहे निर्माण कार्य को तुरंत हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके। वहीं तीसरे चरण में आम नागरिकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए जिला पंजीयक और संबंधित एसडीएम को सूचित किया जाएगा, जिससे ऐसी अवैध कॉलोनियों में रजिस्ट्री और नामांतरण की प्रक्रिया को रोका जा सके।
निगमायुक्त ने बैठक में यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरी कार्रवाई का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि शहर का विस्तार पूरी तरह नियमों और नियोजन के दायरे में हो। उन्होंने कहा कि जब कॉलोनियां वैध होंगी, तभी वहां रहने वाले नागरिकों को नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से मिल सकेंगी।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हर नागरिक को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त परिवेश उपलब्ध कराना है। अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी रोक लगाकर न केवल आमजन को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकेगा, बल्कि शहर के नियोजित और संतुलित विकास को भी नई गति मिलेगी। नगर निगम की यह सख्त पहल शहर के भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक