भोपाल के बड़वई में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 5 किमी दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार
भोपाल, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के पास बड़वई गांव में रविवार सुबह कबाड़ के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और पुट्ठा रखा होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग से उठता घना धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही गांधीनगर, कबाड़खाना सहित अन्य स्थानों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब तीन दमकलों की मदद से दमकलकर्मियों ने छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम में प्लास्टिक और पुट्ठे की अधिक मात्रा होने से लपटें तेजी से फैलने लगीं। आग की सूचना पर दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर पंकज यादव सहित अन्य दमकलकर्मियों ने पानी और फोम की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब छह घंटे तक लगातार मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
प्लास्टिक और पुट्ठे के कारण बढ़ी परेशानी
दमकलकर्मियों के मुताबिक, गोदाम में रखे प्लास्टिक और पुट्ठे के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कत आई। ऊपर से पानी डालने के बावजूद अंदर रखे सामान में आग सुलगती रही। ऐसे में फोम का भी इस्तेमाल करना पड़ा। आग से उठता घना धुआं आसपास के इलाकों में फैल गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आबादी से दूर था गोदाम, ग्रामीणों ने भी की मदद
गांधीनगर पुलिस के अनुसार, गोदाम गांव की आबादी से दूर स्थित है। इस वजह से आग की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कबाड़ और अन्य सामान जलने से आर्थिक नुकसान हुआ है। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने भी दमकलकर्मियों के साथ आग बुझाने में सहयोग किया। फिलहाल गोदाम में आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। आग पर काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे