मंदसौरः रेलवे ब्रिज पर पतंग की खतरनाक डोर से बड़ा हादसा टला

 


मंदसौर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रेलवे ब्रिज, सीतामऊ फाटक के समीप रविवार को पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाली खतरनाक डोर के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

रविवार को दोपहर करीब 12 बजे एक युवक गांव सरसोद निवासी नरेंद्र पुत्र भरत कुमावत अपनी बीमार मां को बाइक पर बैठाकर उपचार के लिए मंदसौर अस्पताल ले जा रहा था। इसी दौरान अचानक पतंग की डोर युवक की गर्दन की ओर आ गई। गनीमत रही कि डोर युवक की गर्दन से टकराने के बजाय पहले उसके हेलमेट से टकरा गई, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, डोर की चपेट में आने से युवक की गर्दन पर घाव हो गया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गया। डोर के अचानक सामने आने से युवक घबरा गया और उसने तत्काल बाइक की गति कम कर किसी तरह वाहन को नियंत्रित किया।

प्रत्यक्ष स्थिति को देखते हुए यदि डोर हेलमेट के बजाय युवक के गले से टकरा जाती अथवा बाइक की गति थोड़ी अधिक होती, तो युवक और उसकी बाइक पर सवार बीमार महिला के साथ गंभीर अथवा जानलेवा हादसा हो सकता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया