जबलपुर की बीएसएनएल टेलीग्राफ फैक्ट्री में बड़ा हादसा, जर्जर दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत
भोपाल, 02 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के रानीताल स्थित लंबे समय से बंद पड़ी बीएसएनएल टेलीग्राफ फैक्ट्री में जर्जर भवन को तोड़ने के दौरान अचानक दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। हादसे के समय 10 से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे। हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, जबलपुर जिले के रानीताल स्थित बीएसएनएल टेलीग्राफ फैक्ट्री परिसर में बने कार्यालय और कर्मचारियों के पुराने रहवासी मकान लंबे समय से बंद और बेहद जर्जर हालत में थे। बुधवार सुबह लगभग 11 बजे 10 से अधिक मजदूर इन पुराने निर्माणों को गिराने के काम में लगे हुए थे। इसी दौरान एक ऊंची दीवार अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी और काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मदनमहल थाना पुलिस और नगर निगम की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत दल ने भारी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला, जहां दो श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया गया। टीम इस बात की भी गहनता से जांच और तलाशी कर रही है कि मलबे में कोई और मजदूर तो नहीं दबा है।
बारिश से कमजोर हुई थी दीवार
मदनमहल थाना पुलिस के अनुसार, जर्जर भवन को ध्वस्त करने का कार्य पिछले कुछ समय से चल रहा था। बुधवार को मजदूर भवन के ऊपरी हिस्से पर चढ़कर दीवार तोड़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि हाल ही में हुई लगातार बारिश के कारण दीवार काफी कमजोर हो गई थी, जो दबाव सहन न कर पाने के कारण ढह गई।
हादसे की खबर फैलते ही मीडिया कर्मी भी कवरेज के लिए पहुंचे, लेकिन बीएसएनएल फैक्ट्री के मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मौके पर रेस्क्यू और स्थिति का जायजा लेने की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत