मैहर-कटनी मार्ग पर टायर बदल रही बस में ट्रक ने मारी टक्कर, एक यात्री की मौत, चार घायल

 


मैहर, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में मैहर-कटनी मार्ग पर बुधवार देर रात एक भीषण हादसे में सड़क किनारे टायर बदल रही यात्री बस को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस के सामने खड़े यात्री की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, संजय ट्रैवल्स की बस सतना से हैदराबाद जा रही थी। बुधवार रात करीब 11:30 बजे मैहर-कटनी मार्ग पर पोड़ी के पास बस का टायर पंचर हो गया। चालक और स्टाफ बस को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदल रहे थे। इस दौरान अधिकांश यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे। इसी बीच पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस करीब 10 मीटर तक आगे खिसक गई। इस दाैरान बस के सामने खड़ा एक यात्री उसकी चपेट में आ गया और पहिए के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चार अन्य यात्री घायल हो गए। मृतक की पहचान नत्थू यादव (32) पुत्र राम सोहावन यादव, निवासी लालपुर, पोस्ट झरी, जिला सतना के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देश पर पुलिस बल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मैहर भेज दिया। घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे