मैहरः विश्व पर्यावरण दिवस पर दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 


मैहर, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर में मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सतना द्वारा भव्य पर्यावरण जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

रैली का शुभारंभ सुबह करीब 7:30 बजे शहर के ऐतिहासिक घंटाघर चौक से किया गया, जहां उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह रैली घंटाघर से प्रारंभ होकर एसबीआई चौक, बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए स्टेडियम परिसर में जाकर संपन्न हुई।

रैली में मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सतना के डायरेक्टर राहुल द्विवेदी विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ अल्ट्राटेक सीमेंट मैहर, केजेएस सीमेंट तथा एमपी बिरला ग्रुप सीमेंट के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिकों ने भी रैली में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर “पर्यावरण बचाओ, पेड़ लगाओ”, “स्वच्छ हवा-सुरक्षित जीवन”, “हरियाली ही खुशहाली” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। नगरवासियों ने भी रैली का स्वागत करते हुए इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। अधिक से अधिक वृक्षारोपण, प्लास्टिक का कम उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस जनजागरूकता रैली ने नगर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश दिया और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी