मैहर में दर्दनाक हादसा: बाइक सवारों पर गिरा पेड़, युवती की मौत, तीन घायल

 


मैहर, 23 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहिया गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क से गुजर रही मोटरसाइकिल पर विशालकाय पेड़ गिरने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बरहिया गांव में पेड़ काटने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि पेड़ को ट्रैक्टर की मदद से खींचा जा रहा था, इसी दौरान अचानक पेड़ का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क की ओर गिर गया। उसी समय वहां से एक मोटरसाइकिल गुजर रही थी, जिस पर चार लोग सवार थे।

पेड़ का भारी तना सीधे बाइक पर गिर गया, जिससे बाइक पूरी तरह दब गई। हादसे में बाइक पर सवार एक युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दो युवतियां और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पेड़ हटाकर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेड़ कटाई के दौरान सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। यदि सड़क पर आवाजाही रोक दी जाती या सुरक्षा घेरा बनाया जाता तो हादसे को टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृत युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पेड़ खींचने के लिए जिस ट्रैक्टर का उपयोग किया जा रहा था, वह दीनदयाल साकेत का बताया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों और लापरवाही की जांच कर रही है।

मैहर में एक और हादसा, ट्रक मकान में घुसा

इधर, मैहर कोतवाली थाना क्षेत्र के हरनामपुर बाईपास पर भी मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। यहां तेज रफ्तार मैजिक वाहन और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा।

ट्रक की टक्कर से मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन घर के अंदर तक पहुंच गया। गनीमत रही कि मकान में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी