मैहर में श्रद्धालु सुविधाओं पर उठे सवाल, ठेके की आड़ में बिचौलियों के सक्रिय होने के आरोप

 


मैहर, 15 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मैहर स्थित शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति के अंतर्गत संचालित बंधा बैरियल व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये के ठेके के बावजूद मंदिर आने वाले भक्तों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जबकि बिचौलियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, माँ शारदा धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए बंधा बैरियल का ठेका प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये में दिया जाता है। आरोप है कि इसके बावजूद भीषण गर्मी में श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल, छायादार स्थान और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। कतारों में घंटों खड़े रहने वाले श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं अपने स्तर पर निशुल्क जल सेवा, भोजन, चाय और नाश्ते की व्यवस्था कर रही हैं, जबकि ठेका व्यवस्था से जुड़े पक्ष श्रद्धालु सुविधाओं को लेकर अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया है कि बैरियल क्षेत्र के आसपास कुछ बिचौलिए सक्रिय हैं, जो बाहर से आने वाले भक्तों को विभिन्न सुविधाओं और विशेष व्यवस्थाओं के नाम पर गुमराह करते हैं। आरोप यह भी है कि कई बार ऐसे लोग वाहनों के सामने आकर यात्रियों को रोकते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि शुल्क वसूले जाने के बावजूद व्यवस्थित पार्किंग, पेयजल, छाया और शौचालय जैसी सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं को शौचालय की व्यवस्था के लिए परेशानी उठानी पड़ती है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बंधा बैरियल ठेके की शर्तों की समीक्षा कर यह स्पष्ट किया जाए कि श्रद्धालुओं को कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध कराना ठेकेदार की जिम्मेदारी है। साथ ही, आस्था के केंद्र माँ शारदा धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन, मंदिर प्रबंधन और संबंधित एजेंसियों द्वारा प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा कथित बिचौलिया तंत्र पर नियंत्रण किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी