मैहर में बड़ी कार्रवाई: नियमों के उल्लंघन पर पांच स्टोन क्रेशर सील, टास्क फोर्स का सख्त एक्शन
मैहर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में अवैध खनन और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विदिशा मुखर्जी के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स समिति ने मंगलवार को विभिन्न स्टोन क्रेशरों का निरीक्षण कर नियमों का पालन नहीं करने वाले पांच स्टोन क्रेशरों को सील कर दिया।
जांच के दौरान समिति ने पर्यावरणीय स्वीकृतियों, वृक्षारोपण, बाउंड्रीवॉल, खनिज भंडारण, स्वीकृत क्षेत्र, भूमि डायवर्सन, स्प्रिंकलर सिस्टम तथा अन्य पर्यावरणीय मानकों का गहन निरीक्षण किया। जांच में कई स्टोन क्रेशरों के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। साथ ही पर्यावरण एवं खनिज विभाग के नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित इकाइयों पर ताला लगाकर उन्हें सील कर दिया।
इन स्टोन क्रेशरों पर हुई कार्रवाई
टास्क फोर्स द्वारा जिन इकाइयों को सील किया गया, उनमें जय बजरंग स्टोन क्रेशर (तिलोरा), विंध्यवासिनी स्टोन क्रेशर (बठिया), मां शारदा स्टोन क्रेशर (रेउसा), अन्नपूर्णा स्टोन क्रेशर (सिरमीली) तथा साई स्टोन क्रेशर (बठिया) शामिल हैं।
अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की जांच
कार्रवाई के दौरान एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र कुमार, पर्यावरण अधिकारी जी.के. बैगा, महेंद्र सिंह, सहायक खनिज अधिकारी आशुतोष मिश्रा सहित राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी, राजस्व निरीक्षक और पटवारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय एवं खनिज नियमों की अनदेखी करने वाले उद्योगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य खनन और क्रेशर इकाइयों में भी हड़कंप की स्थिति है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी