मैहर में विश्व आदिवासी दिवस पर निकला पारंपरिक भेषभूषा में भव्य जुलूस
मैहर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को आदिवासी समाज द्वारा भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस का शुभारंभ पटेल मैरिज गार्डन, कटनी रोड से हुआ। बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में हाथों में लाल, सफेद और पीले झंडे लेकर जुलूस में शामिल हुए। जुलूस जेल तिराहा, घंटाघर, स्टेट बैंक चौराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस पटेल मैरिज गार्डन पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया। जुलूस के दौरान आदिवासी समाज की संस्कृति, सामाजिक एकता और अधिकारों से जुड़े संदेश दिए गए।
पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए समाज के लोग
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर निकाले गए जुलूस में समाज के महिला-पुरुष, युवा और वरिष्ठजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा और झंडों के साथ निकले जुलूस में आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में शरद कौल, अध्यक्ष श्रीराम केवट, विशिष्ट अतिथि दयाराम कोल, उपाध्यक्ष राजेश कोल, रमेश चौधरी, राजेश चौधरी सहित समाज के अन्य पदाधिकारी, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
पुलिस बल रहा तैनात
जुलूस को देखते हुए मैहर पुलिस द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की मौजूदगी में जुलूस निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया। इस दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए। विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित इस जुलूस के माध्यम से आदिवासी समाज ने अपनी एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक गौरव का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता के चलते आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी