मैहर में मां शारदा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखाें श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 


मैहर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि के पांचवें दिन गुरुवार को मैहर स्थित मां शारदा शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे भक्तों ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दर्शन शुरू होने से शाम 5 बजे तक 1 लाख 29 हजार से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इनमें पैदल मार्ग से आने वाले भक्तों की संख्या सबसे अधिक रही।

नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए है। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में डॉक्टरों तथा स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें लगातार सेवाएं दे रही हैं। किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें श्रद्धालुओं को उपचार और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटी हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मां शारदा के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिले।

कलेक्टर एवं मां शारदा मंदिर प्रबंध समिति की अध्यक्ष बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर जबलपुर से दर्शन करने आए दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इनमें राजेंद्र रैकवार, चेतना, आराधना, उमेश और बन्नो शामिल रहे। सभी ने मां शारदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

दर्शन के बाद कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने सभी श्रद्धालुओं को मां का आशीर्वाद स्वरूप चुनरी भेंट की। श्रद्धालुओं ने सुगमता से दर्शन कराने के लिए प्रशासन और मंदिर प्रबंध समिति के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।

नवरात्रि मेले में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही मैहर पुलिस का मानवीय पक्ष भी सामने आया। मंदिर में तैनात एक पुलिस जवान ने दिव्यांग श्रद्धालु को सहारा देकर मां शारदा के दर्शन कराए। मेले में सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे पुलिसकर्मियों की इस पहल को संवेदनशील प्रयास के रूप में देखा गया।

श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और अपर कलेक्टर रोशन राय ने गुरुवार को मां शारदा मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को व्यवस्थित कतारों में गर्भगृह तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मेले में तैनात अधिकारी-कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि दर्शन के दौरान भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कलेक्टर ने वृद्धजनों, दिव्यांगों और छोटे बच्चों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और ध्वनि प्रसारण प्रणाली के माध्यम से गुमशुदा व्यक्तियों तथा खोई-पाई वस्तुओं से संबंधित सूचनाएं लगातार प्रसारित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

निरीक्षण के दौरान मंदिर प्रशासक दिव्या पटेल, डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल और शिवभूषण सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी