मैहरः भारी बारिश में कलेक्टर ने दिए ग्रामीण क्षेत्रों में सावधानी बरतने के निर्देश
मैहर, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने रविवार को वर्षा एवं वर्तमान वर्षा की स्थिति को गंभीरता से देखते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए समस्त ग्राम पंचायतों के अमले को आवश्यक सावधानी एवं सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित पंचायत अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में रास्तों, मार्गों एवं जलभराव वाले स्थानों की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने तथा आमजन को सावधान करने के लिए मुनादी एवं डुग्गी पिटवाकर सूचना प्रसारित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि पुल-पुलियों एवं रपटों पर पानी होने की स्थिति में उन्हें पार न करें। सड़कों पर पानी भरा होने पर जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने से बचें। वर्षाकाल में नदी, नालों एवं रपटों में नहाने के लिए न जाएं तथा जलभराव वाले स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें।
तेज आंधी एवं वर्षा के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखें और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। बिजली के तारों एवं विद्युत उपकरणों के संपर्क में आने से सावधानी बरतें। जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा घरों में पानी प्रवेश न करे, इसके लिए पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर आश्रय स्थल तैयार रखने तथा कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
ग्राम पंचायतों को सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखने, पुल एवं रपटों को आवश्यकता अनुसार खंभों अथवा जाली से बंद कराने तथा संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी एवं सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर फोटो, सेल्फी एवं वीडियो बनाने के लिए जाने वाले लोगों को भी सावधान करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अतिवर्षा से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति में मदद और बाढ़ की सूचना के लिए डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पर तत्काल सम्पर्क कर सकते है।
इन सभी सावधानियों एवं निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार शासकीय विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, चिकित्सा केंद्रों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन ने नागरिकों से वर्षाकाल के दौरान सतर्क रहने, सुरक्षित रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी