मैहरः सड़क दुर्घटनाओं एवं अवैध मादक पदार्थों के रोकथाम हेतु नियमित करे समीक्षा

 


मैहर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की उपस्थिति में बुधवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

कलेक्टर मुखर्जी ने जिले के सभी अस्पतालों का पीएम राहत योजना अंतर्गत पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों का पंजीयन अनिवार्य रूप से कराया जाए। हाईवे के किनारे स्थित विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक संकेतक, चेतावनी बोर्ड एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश सड़क निर्माण एजेंसियों को दिए।

कलेक्टर ने आरटीओ को सभी कमर्शियल वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच करने तथा बिना नंबर के वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारी वाहनों की फिटनेस जांच में लापरवाही बरतने की जगह ,नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एनएचएआई को राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका वाले ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर उनमें आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा गया। सड़क निर्माण एजेंसियों को मुख्य मार्गों से जुड़ने वाली संपर्क सड़कों पर निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार गति अवरोधक बनाने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों एवं विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें और यातायात नियमों के पालन के प्रति नागरिकों को जागरूक करें।

बैठक में अपर कलेक्टर रोशन राय, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री पंकज खराड़े, सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर,एमपीआरडीसी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों पर सख्ती

बैठक में जिले में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्र के पटवारियों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित कराने तथा जिले में कहीं भी अवैध रूप से गांजे की खेती नहीं होने देने के निर्देश दिए। वही नागरिको से अपील की गई की मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नसे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मानस हेल्पलाइन नंबर 1933पर दे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी