मैहर श्रद्धालुओं को परेशान करने एवं अवैध वसूली की शिकायतों पर पुलिस का सख्त प्रहार

 


मैहर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में मां शारदा की पावन नगरी में चल रहे शारदीय नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने बुधवार को असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। इसी क्रम में श्रद्धालुओं को परेशान करने, रास्ता रोकने, मोटरसाइकिल अड़ाकर वाहनों को रोकने तथा जबरन दुकानों में ले जाकर मनमानी राशि वसूलने और अभद्रता करने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 5 व्यक्तियों को पकड़ा।

प्राप्त शिकायतों के आधार पर मां शारदा धाम चौकी प्रभारी विनय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक सिंह एवं अमित सिंह तथा आरक्षक मयंक गौतम, दीपक मिश्रा, राहुल दुबे, अखिलेश निगम सहित हमराही बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और पांच व्यक्तियों को पकड़ा।

पुलिस द्वारा पकड़े गए सभी व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत वैधानिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तहसील न्यायालय मैहर में पेश किया गया।

कार्रवाई के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों का विवरण

विक्की नागवंशी, पिता संतोष नागवंशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी बंधा वैरियर के पास, महाराजानगर, थाना कोतवाली मैहर, जिला मैहर।

राकेश गोदानी, पिता प्रेमचंद गोदानी, उम्र 43 वर्ष, निवासी आरकंडी, थाना कोतवाली मैहर, जिला मैहर।

जीतू गोस्वामी, पिता सियाशरण गोस्वामी, उम्र 29 वर्ष, निवासी वैलटगार्ड, कटनी, थाना कोतवाली कटनी।

प्रदीप कुशवाहा, पिता शिवनाथ कुशवाहा, उम्र 29 वर्ष, निवासी उदयपुर, थाना कोतवाली मैहर।

शंकर प्रजापति, पिता राम कुमार प्रजापति, उम्र 19 वर्ष, निवासी भटनवारा, थाना कोतवाली सतना, हाल निवासी महाराजानगर, थाना कोतवाली मैहर, जिला मैहर

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मैहर पुलिस द्वारा नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं को परेशान करने, जबरन वसूली करने तथा मेले की व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों में संतोष देखने को मिल रहा है। पुलिस का उद्देश्य मां शारदा धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

मैहर पुलिस की अपील: नवरात्रि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की अभद्रता, रास्ता रोकने या जबरन वसूली जैसी घटना का सामना करने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी