मैहर में मां शारदा के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के इंतजाम
मैहर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में शारदीय नवरात्रि मेले के दौरान मां शारदा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए भक्त रात से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में जुटने लगे। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मंदिर परिसर से लेकर रेलवे स्टेशन तक बम निरोधक दस्ते की टीम सघन जांच कर रही है। पुलिस और प्रशासन की ओर से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि मेले के दौरान सुरक्षा में कोई चूक न हो।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने सीढ़ी मार्ग, रोपवे, धर्मशालाओं, पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के साथ श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की अपील भी की जा रही है। दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
दोपहर एक बजे तक 78,656 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
सोमवार को दोपहर एक बजे तक कुल 78,656 श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन कर चुके थे। इनमें पैदल मार्ग से 74,704, वैन मार्ग से 1,152 और रोपवे के जरिए 2,800 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। नवरात्रि के चलते मंदिर में लगातार भक्तों की आवाजाही बनी हुई है।
बिछड़े बच्चे को पुलिस ने परिजनों से मिलाया
नवरात्रि मेले के दौरान मैहर रेलवे स्टेशन पर अपने माता-पिता से बिछड़े एक बच्चे को पुलिस ने तलाश कर परिजनों तक पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, मां शारदा के दर्शन के लिए आए परिवार का बच्चा मैहर रेलवे स्टेशन पर छूट गया था। ट्रेन में बच्चा नहीं मिलने पर माता-पिता ने भदनपुर रेलवे स्टेशन से डायल 112 पर सूचना देकर मदद मांगी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार ने पुलिस टीम रवाना की। पुलिसकर्मी सुशील पांडे और चालक आंचल पांडे ने मैहर रेलवे स्टेशन पर तलाश कर बच्चे को ढूंढ निकाला।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भक्तिमय हुआ माहौल
नवरात्रि के अवसर पर जिलेभर में देवी उपासना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंदिरों और दुर्गा पंडालों में भजन संध्या, देवी जागरण और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां हो रही हैं। मैहर के अलावा रामपुर बाघेलान, नागौद, बिरसिंहपुर और उचेहरा में भी पर्व की धूम है। विभिन्न मंचों पर स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मनोरंजन कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना की
मां शारदा के दर्शन करने पहुंचीं श्रद्धालु निकिता ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर प्रसन्नता जताई। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर में आसानी से दर्शन हुए और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थित रहा। उन्होंने परिसर की स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को बेहतर बताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इसी तरह मथुरा-वृंदावन से मां शारदा के दर्शन करने पहुंचीं कथा वाचक श्री लक्ष्मी किशोरी जी ने भी मेले में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने प्रशासन और व्यवस्था से जुड़े लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी