मैहर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्साह के साथ निकाली गई रन फॉर यूनिटी
मैहर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को मैहर में जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सुबह 8:30 बजे अग्रसेन चौक से एकलव्य आवासीय विद्यालय तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ। इसमें विद्यार्थियों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
एकलव्य आवासीय विद्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि आजादी के बाद अंग्रेजों की भारत को खंड-खंड करने की साजिश को सरदार वल्लभभाई पटेल ने नाकाम किया। उन्होंने 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर भारत को संगठित और सशक्त राष्ट्र बनाया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को परिवार, समाज और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए प्रयास करना चाहिए।
कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके प्रयासों से एक भारत, श्रेष्ठ भारत की संकल्पना साकार हुई।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया तथा अतिथियों का स्वागत कर संबोधन हुआ। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ।
अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अपर कलेक्टर रोशन राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर, डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल, जनपद सदस्य दीपक सिंह बघेल, संतोष सोनी, सत्यभान सिंह पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी