मैहरः हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में तिरंगा यात्रा आयोजित

 


मैहर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रविवार को हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत रिगरा ग्राम पंचायत में नागरिकों ,महिलाओं और बच्चों ने तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति और तिरंगा के सम्मान का संदेश दिया।

इसी प्रकार जनपद रामनगर में विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता से तिरंगा रैली और जनपद अमरपाटन की ग्राम पंचायत मगराज में तिरंगा वाहन रैली आयोजित की गई। नगरपालिका के हाउसिंग बोर्ड स्थित पर्यटक सूचना केंद्र में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

अभियान के अंतर्गत देश के प्रत्येक नागरिक से अपने घर, प्रतिष्ठान, दुकान एवं कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की अपील की गई है। साथ ही तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर अभियान के प्रचार-प्रसार में सहभागिता करने का आह्वान किया गया है।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं प्राचार्य सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति से संबंधित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिनसे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। उपस्थित लोगों ने अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी