मैहर: धीरेंद्र शास्त्री का धर्मांतरण पर तीखा बयान, ‘धर्मांतरण कराने वालों की ठठरी भी बंधेगी और गठरी भी बंधेगी’
मैहर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की मां शारदा की नगरी मैहर शुक्रवार को आस्था, अध्यात्म और सनातन संस्कृति के रंग में रंगी नजर आई। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के ‘सनातन संवाद’ कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, हिंदू समाज की एकजुटता और धर्मांतरण जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। केजेएस सीमेंट टाउनशिप में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धर्मांतरण को लेकर अपनी बात रखते हुए इसके पीछे विदेशी ताकतों की भूमिका होने का आरोप लगाया और ऐसे प्रयासों का विरोध करने की अपील की।
‘सनातन संवाद’ के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत की पहचान सनातन परंपराओं से रही है और कुछ ताकतें धर्म तथा संस्कृति के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने धर्मांतरण के पीछे विदेशी ताकतों की भूमिका होने का आरोप लगाते हुए इसका विरोध करने की बात कही। इसी संदर्भ में उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “धर्मांतरण कराने वालों की ठठरी भी बंधेगी और गठरी भी बंधेगी।” उन्होंने धर्मांतरण के मामलों में सख्त प्रावधानों और इस दिशा में सरकार की पहल का समर्थन किया।
कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता से जुड़े विषयों पर भी जोर दिया गया।
दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए कार्यक्रम के लिए केजेएस सीमेंट टाउनशिप में व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। आयोजकों ने करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई थी। बड़ी संख्या में लोगों तक मंच से होने वाले संवाद को पहुंचाने के लिए परिसर में 40 एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं।
आयोजन में बुजुर्गों और चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया। प्रवेश द्वार से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई, जिससे जरूरतमंद श्रद्धालु आसानी से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकें।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मैहर और आसपास के जिलों से करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। आयोजन में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए यह कार्यक्रम धार्मिक प्रवचन सुनने के साथ-साथ सनातन संस्कृति और अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी बना।
‘सनातन संवाद’ कार्यक्रम से पहले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मां शारदा मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद लिया। मंदिर में उनके आगमन की खबर से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मां शारदा के दरबार में मत्था टेककर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में उन्होंने धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न की।
मैहर स्थित मां शारदा मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्र सहित विभिन्न धार्मिक पर्वों पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन और दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, केजेएस सीमेंट टाउनशिप में आयोजित ‘सनातन संवाद’ के जरिए धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और धर्मांतरण जैसे समसामयिक मुद्दों पर उनकी टिप्पणियां कार्यक्रम का प्रमुख केंद्र रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी