विश्वप्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर में 1 लाख 11 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित
मैहर, 17 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार शाम 07 बजे जिलेभर में “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत जिले में 4 लाख 86 हजार से अधिक आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस अवसर पर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, चौराहों एवं ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विश्वप्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर की ड्योढ़ी एवं मंदिर प्रांगण में 1 लाख 11 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से मां शारदा माता मंदिर परिसर भव्य एवं आकर्षक रूप से जगमगा उठा। कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी एवं एडीएम रोशन राय,श्री कमलेश सुहाने सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने सहभागिता की।
जिले के अमरपाटन में गौरीशंकर तालाब, रामनगर में राम-जानकी मंदिर सहित नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में भी बड़ी संख्या में आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलित किए गए। मैहर नगर में घंटाघर, अलाउद्दीन चौक, कटनी रोड तिराहा, पूर्व दरवाजा एवं बड़ी माई मंदिर सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित हुए।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने घरों में भी आशीर्वाद के दीप जलाए। विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कलेक्ट्रेट कार्यालय सहित विभिन्न शासकीय भवनों में आकर्षक लाइटिंग की गई, जिससे पूरे जिले में उत्सव एवं सेवा भाव का वातावरण दिखाई दिया।
मां शारदा मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में कथक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कलाकारों ने प्रस्तुत की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं और नागरिकों का मनमोह लिया। कार्यक्रम में जिले के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में सहभागिता की। विभिन्न स्थानों पर प्रज्ज्वलित दीपों ने सेवा, संकल्प, विश्वास और जनभागीदारी की भावना को अभिव्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी