मैहर की 3,430 छात्राओं ने रचा इतिहास, सामूहिक कथक प्रस्तुति एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज

 


मैहर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश में मां शारदा की नगरी मैहर ने अपने स्थापना दिवस पर सोमवार को आयोजित गौरव दिवस समारोह में सामूहिक कथक प्रस्तुति के जरिए नई उपलब्धि हासिल की। फुटबॉल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 3,430 छात्र-छात्राओं ने एक साथ 9 मिनट 24 सेकेंड तक कथक की सामूहिक प्रस्तुति दी। निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रस्तुति का अवलोकन करने के बाद एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने इसे रिकॉर्ड के रूप में दर्ज करने की घोषणा की।

सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने एक साथ ताल और लयबद्ध तरीके से कथक की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पारंपरिक नृत्य की इस सामूहिक प्रस्तुति में मैहर की सांस्कृतिक विरासत और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रदर्शन हुआ। आयोजन को जिले की सांस्कृतिक पहचान और विद्यार्थियों की प्रतिभा से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

गौरव दिवस समारोह में प्रभारी मंत्री राधा सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, एडीएम रोशन राय, नंदिता पाठक, कमलेश सुहाने सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदा के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सामूहिक कथक प्रस्तुति दी। एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी प्रस्तुति का अवलोकन किया। प्रस्तुति पूरी होने के बाद टीम ने रिकॉर्ड बनाए जाने की घोषणा की। इसके बाद प्रभारी मंत्री राधा सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन मां शारदा की सामूहिक आरती के साथ हुआ।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि मां शारदा की नगरी मैहर के बेटे-बेटियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण से जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित इस सामूहिक कथक प्रस्तुति ने मैहर की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान दिलाई। 3,430 विद्यार्थियों की एक साथ प्रस्तुति और रिकॉर्ड में दर्ज होना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने गौरव दिवस के सफल आयोजन के लिए जिलेवासियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैहर की बेटियों ने कथक समूह नृत्य में एक ताल और एक लय में प्रस्तुति देकर अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस प्रस्तुति का एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज होना मैहर जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मैहर जिले की 3,430 बेटियों ने इस आयोजन में हिस्सा लेकर इसे सफल बनाया। इसके लिए उन्होंने सभी बालिकाओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

विधायक ने गौरव दिवस के आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्कूली बच्चों, शिक्षा विभाग के शिक्षकों, अशासकीय संस्थाओं के शिक्षकों, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, सांस्कृतिक दलों और बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे मैहर के नागरिकों के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि गौरव दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मैहर के स्वाभिमान का उत्सव था। सभी के सहयोग और विश्वास से यह आयोजन सफल हुआ। विधायक ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी