मैहर में देशभक्ति के माहौल में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

 


मैहर, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का ऑनलाइन प्रसारण भी किया गया।

समारोह में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने पुलिस अधीक्षक के साथ खुली सुसज्जित जिप्सी में सवार होकर रक्षित निरीक्षक दिलीप तिवारी के निर्देशन में निकली परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।

जिला पुलिस बल की महिला एवं पुरुष टुकड़ियों के साथ एनसीसी बालक-बालिका, स्काउट गाइड, शौर्य दल और पुलिस बैंड की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।

विकसित भारत के संकल्प पर दिया जोर

समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और जनकल्याणकारी राज्य के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और सुशासन के माध्यम से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुई। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं की प्रस्तुति दी। नेहरू सेंक्चुरी विद्यालय, मिनिलैंड विद्यालय, महाकाल विद्यालय और शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक पीटी प्रदर्शन भी किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मिनिलैंड और महाकाल विद्यालय ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। एकलव्य आवासीय विद्यालय दूसरे और नेहरू सेंक्चुरी विद्यालय तीसरे स्थान पर रहा।

परेड में पुलिस उपनिरीक्षक सुश्री मोहिनी शर्मा के नेतृत्व वाली जिला महिला पुलिस बल की टुकड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

शहीद परिवार और मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

समारोह में कलेक्टर ने अमर शहीद स्व. शंकर प्रसाद पटेल की धर्मपत्नी को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कक्षा 12वीं की प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शासकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाले ग्राम पंचायत सरपंचों को भी प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। कलेक्टर ने सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

विकास पुस्तिका का किया गया वितरण

कार्यक्रम के दौरान जिले की विकास पुस्तिका का वितरण जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों के बीच किया गया। समारोह में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गीता सोनी, जनपद अध्यक्ष आकांक्षा लोधी, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष शीतल नितिन ताम्रकार सहित कमलेश सुहाने, संतोष सोनी, अशोक चौबे और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समारोह के समापन पर राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। तिरंगे की शान, देशभक्ति गीतों, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्कृष्ट कार्यों के लिए हुए सम्मान ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय बना दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी