मैहर: नवरात्रि के दूसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, 54 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 


मैहर, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में चैत्र नवरात्रि का पर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। दूसरे दिन भी मां शारदा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और दोपहर 2 बजे तक करीब 54 हजार से अधिक भक्तों ने दर्शन लाभ प्राप्त किया।

मां शारदा मंदिर में सुबह आरती-भोग के बाद दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर तक जारी रहा। त्रिकूट पर्वत स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु पैदल मार्ग, वैन सेवा और रोपवे का सहारा ले रहे हैं। बड़ी संख्या में भक्त सीढ़ियां चढ़कर माता के दरबार में पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

नवरात्रि के दौरान एक ओर जहां मां आदिशक्ति के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जा रही है, वहीं रामनवमी को लेकर भी धार्मिक आयोजन शुरू हो गए हैं। कई स्थानों पर रामचरित मानस के पाठ, कन्या भोज और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रद्धालु नौ दिन का व्रत रखकर प्रतिपदा, पंचमी, अष्टमी और नवमी तिथियों पर विशेष पूजा कर रहे हैं। मंदिरों में बोए गए जवारों का विसर्जन नवमी के दिन किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं रेलवे प्रशासन ने भी विशेष पहल करते हुए 15 जोड़ी ट्रेनों का मैहर स्टेशन पर स्टॉपेज सुनिश्चित किया है, जिससे बाहर से आने वाले भक्तों को काफी सुविधा मिल रही है। ये ट्रेनें लगभग 5 मिनट तक स्टेशन पर रुक रही हैं, जिससे चढ़ने-उतरने में आसानी हो रही है।

इसके अलावा श्रद्धालु निजी वाहनों, बसों और अन्य साधनों से भी बड़ी संख्या में मैहर पहुंच रहे हैं। सतना और मैहर जिले का पूरा वातावरण इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है और मां शारदा के जयकारों से गूंज रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी