मैहरः किसानों की समस्याओं पर कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 


मैहर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले की अमरपाटन विधानसभा में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं अमरपाटन विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।

इससे पहले अमरपाटन के एक निजी मैरिज गार्डन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने अघोषित बिजली कटौती, जले पड़े बिजली ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा अन्य कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में ट्रांसफार्मर खराब होने और खाद की किल्लत से किसान गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विधायक ने सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस किसानों के हित में बड़ा जनांदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी