मैहर पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, मां शारदा के दरबार में की पूजा-अर्चना; सीएम मोहन यादव पर कांग्रेस के आरोपों को बताया निराधार

 


मैहर, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा गुरुवार सुबह मैहर पहुंचे। वे रेवांचल एक्सप्रेस से करीब 5:30 बजे मैहर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

स्टेशन से नरोत्तम मिश्रा सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, इसके बाद उन्होंने त्रिकूट पर्वत पर स्थित प्रसिद्ध मां शारदा मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। मंदिर के गर्भगृह में उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की।

दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके परिवार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा लगाए गए जमीन घोटाले और पद के दुरुपयोग के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लंबे समय से चरित्र हनन की राजनीति करती रही है। यह उनके नेताओं की राजनीतिक हताशा और छोटी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहले ही तथ्यों के साथ जवाब दे चुके हैं।

नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। वहीं कांग्रेस जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी