मैहर में अकीदत और सौहार्द के साथ मनाई गई बकरीद, देश में अमन चैन के लिए की गई दुआएं
मैहर, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बेहद अकीदत, उत्साह और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर शहर के मुख्य ईदगाह मैदान में सामूहिक नमाज अदा की गई, जहां हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एकत्र हुए। नमाज के बाद मौलाना ने खुतबा पढ़ा और देश में खुशहाली, तरक्की तथा आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बकरीद का यह पर्व त्याग, समर्पण और खुदा की राह में कुर्बानी का संदेश देता है।
गले मिलकर दी मुबारकबाद, दिखा भाईचारे का अनूठा मंजर
नमाज के बाद ईदगाह मैदान में कौमी एकता और भाईचारे का एक बेहद खूबसूरत नजारा देखने को मिला। नमाजी भाइयों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान बड़ों ने बच्चों को ईदी बांटी, जिससे युवाओं और बच्चों के चेहरों पर विशेष उत्साह नजर आया। ईदगाह के बाहर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। धर्मेश घई, रमापति गौतम. प्रभात द्विवेदी (दद्दा), रमेश प्रजापति सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
त्योहार को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला सुबह से ही पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए खुद मैहर सीएसपी महेंद्र सिंह दल-बल के साथ ईदगाह मैदान और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में मौजूद रहे। ईदगाह मैदान के आसपास सुरक्षा के विशेष बैरिकेडिंग और इंतजाम किए गए थे।कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की टीमें लगातार शहर में गश्त करती रहीं। प्रशासन द्वारा पूर्व में की गई शांति और भाईचारे की अपील का असर जमीन पर साफ दिखाई दिया, जिसके चलते पूरा त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
घरों में दौर-ए-दावत और उल्लास का माहौल
ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद लोग अपने-अपने घरों की ओर लौटे, जहां पारंपरिक रूप से कुर्बानी की रस्म अदा की गई। इसके बाद घरों में लजीज पकवानों और दावतों का दौर शुरू हुआ। लोगों ने अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबियों के घर जाकर उन्हें ईद की बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी