मैहर विकसित भारत संकल्प सभा में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने लिया भाग

 


मैहर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को मां शारदा मंदिर मार्ग स्थित वन विभाग कार्यालय के सामने कार पार्किंग स्थल पर जिला स्तरीय “विकसित भारत संकल्प सभा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी एवं कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम में विधायक चतुर्वेदी ने कार्यक्रम को संबोधित कर यात्रा के महत्व और उद्देश्य की जानकरी दी।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाते हुए उपस्थित जनसमुदाय में राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्साह एवं ऊर्जा का संचार किया।

सेवा ज्योति संकल्प कलश यात्रा सभी विधानसभाओं के लिए रवाना

जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रज्ज्वलित सेवा ज्योति की मशाल से जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित किए जाने के लिए यात्रा को रवाना किया गया। मुख्य अतिथि विधायक श्री चतुर्वेदी सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने तीन संकल्प कलश रथ यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह यात्रा मैहर जिले के मैहर, अमरपाटन एवं रामनगर ब्लॉक के ग्रामीण अंचलों के साथ अमदरा क्षेत्र सहित विभिन्न गांवों तक पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं कार्यकाल से जुड़े कार्यों तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को विभिन्न योजनाओं, उनकी पात्रता एवं मिलने वाले लाभों के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

सेवा संकल्प अभियान की दिलाई गई शपथ

सेवा संकल्प अभियान सभा के दौरान विधायक चतुर्वेदी ने उपस्थित जनों को सेवा संकल्प अभियान के प्रति समर्पण, जनसेवा एवं अपने कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई। उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्रहित एवं समाजहित में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

ज़िले की विकास गाथा पुस्तिका का किया गया वितरण

कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क विभाग द्वारा “बदलते दौर का मध्यप्रदेश” एवं “मैहर की विकास गाथा” पुस्तिका का वितरण किया गया। पुस्तिका में मैहर मां शारदा लोक सहित जिले में किए गए विभिन्न विकास कार्यों तथा जनहितकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को संकलित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी