मैहर का अभिनव प्रयास: सरकारी स्कूलों में शुरू होगी नीट-जेईई की निःशुल्क कोचिंग

 


मैहर, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मैहर जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को अब डॉक्टर और इंजीनियर बनने की तैयारी स्कूल स्तर पर ही कराई जाएगी। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी की पहल पर कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए नीट और जेईई की निःशुल्क कोचिंग शुरू करने की योजना बनाई गई है।

कलेक्टर ने शुक्रवार को बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके तहत भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित विषय के मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं से ही व्यवस्थित मार्गदर्शन दिया जाएगा।

योजना के अंतर्गत जिले के उत्कृष्ट शिक्षकों का एक विशेष समूह तैयार किया जाएगा, जो नियमित अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नीट और जेईई परीक्षा के अनुरूप तैयार करेगा।

इस कार्यक्रम में इंदौर की कोचिंग संस्था एलन का तकनीकी एवं प्रशिक्षण सहयोग लिया जाएगा। संस्था जिले के 94 शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यही शिक्षक मैहर जिले के विभिन्न शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत करीब 2,996 विद्यार्थियों को अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराएंगे।

विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पाठ्य सामग्री और टेक्स्ट बुक्स भी जिले के सभी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में उपलब्ध कराई जाएंगी।

कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि अधिकांश विद्यार्थी 12वीं कक्षा पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू करते हैं, जिससे उन्हें पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। यदि 11वीं कक्षा से ही सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और विशेषज्ञों का सहयोग मिले तो उनकी सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसी सोच के साथ स्कूलों में अतिरिक्त कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल के सकारात्मक परिणाम आने वाले वर्षों में देखने को मिलेंगे। उनका लक्ष्य है कि मैहर जिले के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थी आईआईटी, एनआईटी और विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में जिले का नाम रोशन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी