मैहरः मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में संभागायुक्त ने सुनी जनसमस्या एवं निदान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

 


मैहर, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम पंचायत पोड़ी में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह और कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिला पंचायत सदस्य जयंती तिवारी, जिला पंचायत सीईओ सपना त्रिपाठी, सत्यभान पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

वृद्ध के भरण-पोषण संबंधी शिकायत पर संभागायुक्त ने लिया तत्काल संज्ञान

शिविर में ग्राम नकतरा के एक वृद्ध आवेदक ने शिकायत प्रस्तुत करते हुए बताया कि उनके बच्चों द्वारा संपत्ति ले ली गई है तथा उनके भरण-पोषण की व्यवस्था नहीं की जा रही है। संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मैहर श्रीमती दिव्या पटेल को वृद्ध के भरण-पोषण की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा संबंधित बच्चों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और भरण-पोषण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

लंबित खाद्यान्न पर्ची की शिकायत पर अधिकारियों को सात दिन की समयसीमा

शिविर में पिछले वर्ष से खाद्यान्न पर्ची उपलब्ध नहीं होने संबंधी लंबित शिकायत का निराकरण न किए जाने पर संभागायुक्त सिंह ने जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी तथा जेएसओ श्री राजीव पांडे के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शिकायत का आगामी सात दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्धारित समयसीमा में शिकायत का निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।

महिला एवं बाल विकास की लंबित शिकायतों पर वेतन रोकने के निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित शिकायतों के लंबित रहने और समय पर निराकरण नहीं किए जाने पर संभागायुक्त सिंह ने जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजेंद्र बांगरे के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर संबंधित अधिकारी राजेंद्र बांगरे का वेतन रोकने के निर्देश दिए तथा शिकायतों के निराकरण में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

नल-जल योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

शिविर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा जल निगम के अधिकारियों को नल-जल योजना अंतर्गत चल रहे कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और योजनाओं के कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

योजनाओं की जानकारी और विभागीय प्रदर्शनियों के माध्यम से ग्रामीणों को किया जागरूक

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं, पात्रता, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई। विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं एवं कार्यों पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गईं, जिनके माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं और विकास गतिविधियों से अवगत कराया गया।शिविर के समापन पर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया गया।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। शिविर में अधिकारियों को जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और तत्पर रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

शासकीय हाई स्कूल पोड़ी का किया निरीक्षण

विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त सिंह ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से पाठ पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का परीक्षण किया तथा शिक्षकों को विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निर्माणाधीन भवनों का किया निरीक्षण

कलेक्टर कार्यालय एवं जिला पंचायत के निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का जायजा लिया। निरीक्षण करते हुए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित रूप से क्यूब टेस्टिंग कराने तथा उसकी रिपोर्ट व्यवस्थित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता का निरंतर परीक्षण किया जा सके। साथ ही भवन परिसर में जल निकासी के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी