मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज करेंगे मां शारदा लोक फेज-1 का भूमिपूजन
मैहर, 18 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मैहर जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को करीब 251 करोड़ रुपये के नवीन विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मां शारदा लोक फेज-1 के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करने के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।
मां शारदा लोक फेज-1 के निर्माण पर 8.95 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान करीब 151 करोड़ रुपये लागत के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा करीब 105 करोड़ रुपये लागत के 13 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, भवन, पेयजल और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं। विभिन्न विकास कार्यों के पूरा होने से जिले में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे। इसके अलावा लाड़ली बहना योजना की राशि भी हितग्राहियों के खातों में एकल क्लिक के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
मां शारदा देवी मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को दोपहर 12.10 बजे भोपाल से हवाई जहाज द्वारा रवाना होंगे और दोपहर एक बजे रीवा हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 1.10 बजे हेलीकॉप्टर से रीवा से मैहर के लिए रवाना होकर 1.30 बजे मैहर हेलीपैड पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 1.40 बजे मां शारदा देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे। यहां वे मां शारदा लोक फेज-1 का भूमिपूजन करने के साथ 12 कार्यों का भूमिपूजन और 13 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी