मैहरः मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विधायक, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया स्थल निरीक्षण

 


मैहर, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रस्तावित 19 अगस्त के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थलों विश्वप्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर,उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम,हेलीपैड और सर्किट हाउस का रविवार को विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने जिला अधिकारियों के साथ भ्रमण किया।

उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों की मंच पर बैठक व्यवस्था, मंच संचालन,ग्रीन रूम और मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों के आवागमन मार्ग का चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद सीएमओ को कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक साफ़ सफाई ,संकेतक आदि व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंदिर प्रांगण भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने मंदिर समिति को आवश्यक साफ सफाई , मार्गों के व्यवस्थित रख रखाव करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मुखर्जी ने लोक निर्माण विभाग को कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक बैरिकेडिंग , मार्ग में स्थित डिवाइडरों पर रंगाई पुताई और हेलीपैड की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर रंगोली बनाने और पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करने के आवश्यक दिशा निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

पुलिस अधीक्षक सिंह ने सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने ,पार्किंग व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान जिला वन मंडलाधिकारी विद्या भूषण मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह और अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी